बांदा , अप्रैल 4 -- उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद के मटौन्ध थाना क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर 34 बीघा जमीन की फर्जी रजिस्ट्री के मामले में वांछित मुख्य आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार कोतवाली नगर क्षेत्र के खुटला मोहल्ला निवासी देवीया पुत्र चैतुआ ने मटौन्ध थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 अगस्त 2025 को कुछ लोगों ने फर्जी आधार कार्ड और कूटरचित दस्तावेजों का उपयोग कर हटेटी पुरवा गांव स्थित उसकी 34 बीघा जमीन की फर्जी रजिस्ट्री करा दी। यह रजिस्ट्री बांदा नगर के बिजली खेड़ा निवासी आजम खान के नाम कराई गई थी।

मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर पूर्व में ही गिरोह के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी क्रम में पुलिस ने शनिवार को दुरेड़ी गांव मोड़ के पास से बांदा नगर के जरैली कोठी निवासी रिजवान नामक मुख्य वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित