पंचकूला , जुलाई 27 -- हरियाणा पुलिस ने गुरुग्राम में बिना किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के क्लिनिक चलाकर कथित तौर पर अवैध गर्भपात कराने वाले एक फर्जी डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी संख्या में एमटीपी (मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी) किट, दवाइयां और चिकित्सीय उपकरण बरामद किए गए हैं। यह जानकारी हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने सोमवार को दी।

प्रवक्ता के अनुसार, 26 जुलाई को पीसीपीएनडीटी सेल के नोडल अधिकारी ने सेक्टर-65 थाना पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में गुप्त सूचना के आधार पर बताया गया था कि कमल महतो बिना किसी मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री के 'कमल क्लिनिक' संचालित कर रहा है और खुद को डॉक्टर बताकर महिलाओं के अवैध गर्भपात कर रहा है।

सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक गर्भवती महिला को डिकॉय ग्राहक बनाकर क्लिनिक भेजा। आरोप है कि कमल महतो ने गर्भपात कराने के लिए 1,200 रुपये लिए, महिला को एमटीपी किट दी और उसका इस्तेमाल करने का तरीका भी बताया। महिला के पूर्व निर्धारित संकेत मिलते ही टीम ने क्लिनिक पर छापा मारकर आरोपी को मौके से पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने केवल 12वीं तक पढ़ाई की है और उसके पास कोई मान्यता प्राप्त मेडिकल डिग्री नहीं है। जांच में यह भी सामने आया कि क्लिनिक मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेग्नेंसी (एमटीपी) अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं था। आरोपी मरीजों का कोई रिकॉर्ड या दवाइयों की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित