पौड़ी , मई 05 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में डिजिटल दौर में साइबर अपराधों का बढ़ता जाल आमजन के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। ताजा मामले में फर्जी टोल-फ्री नंबर के माध्यम से कस्टमर केयर प्रतिनिधि बनकर एक व्यक्ति से एक लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मंगलवार गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोटद्वार निवासी लक्ष्मण सिंह ने कोतवाली कोटद्वार में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने गूगल पर पोस्ट ऑफिस का टोल-फ्री नंबर खोजा। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने स्वयं को कस्टमर केयर अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपी ने चालाकी से उन्हें विश्वास में लेकर यूपीआई के माध्यम से एक लाख रुपये की ठगी को अंजाम दे दिया।

शिकायत के आधार पर कोतवाली कोटद्वार में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी कोटद्वार निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस के आधार पर गहन जांच करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई।

जांच के दौरान आरोपी की पहचान सिराज अंसारी, निवासी करमाटांडा, जिला जामताड़ा (झारखंड) के रूप में हुई। पता चला कि आरोपी पहले से ही एक अन्य साइबर ठगी के मामले में जामताड़ा जेल में बंद था। पुलिस ने न्यायालय से बी-वारंट प्राप्त कर आरोपी को अभिरक्षा में लिया और उसे न्यायालय में पेश कर जिला कारागार पौड़ी भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित