चंडीगढ़ , फरवरी 27 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसीभी तरह का खिलवाड़ नहीं होने देगी। फर्जी एजेंटों और डंकी रूट के जरिए विदेश भेजने वाले गिरोहों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के लिए प्रभावी कदम उठाये गये हैं। इसके बावजूद यदि कोई युवा विदेश जाना चाहता है, तो उसकी सहायता के लिए विदेश सहयोग विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

विभाग की वेबसाइट पर विदेश में रोजगार शिक्षा, व्यापार और निवेश से जुड़ी विस्तृत जानकारी उपलब्ध है। साथ ही अधिकृत एजेंटों की सूची आवश्यक दस्तावेजों और प्रक्रिया संबंधी दिशा-निर्देश भी दिये गये हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से अपील की कि वे अवैध रूप से विदेश भेजने वाले एजेंटों के झांसे में न आयें। सरकार ने ट्रैवल एजेंटों को नियंत्रित करने और धोखाधड़ी रोकने के लिए कानून बनाया है।

उन्होंने बताया कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम लिमिटेड को विदेश मंत्रालय से रिक्रूटिंग एजेंट लाइसेंस की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। निगम के माध्यम से युवाओं को वैध प्रक्रिया से विदेश भेजा जा रहा है। हाल ही में 210 युवाओं को दुबई के लिए ऑफर लेटर दिये गये हैं जबकि दो चरणों में 390युवाओं को इजराइल भेजा जा चुका है। चयन प्रक्रिया आगे भी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित