अल्मोड़ा , मई 20 -- उत्तराखंड के अल्मोड़ा में पुलिस ने फर्जी ऋण घोटाले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वादी ही लोन घोटाले का मास्टर माइंड निकला।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर ने बुधवार को इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 19 सितंबर 2025 को फर्जी लोन घोटाले का खुलासा हुआ था। सोमेश्वर के भंडारी गांव निवासी निवासी दिनेश नेगी कोतवाली अल्मोड़ा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज के बल पर उसकी फर्म "जय गोली ट्रेडर्स" के नाम से यूनियन बैंक की अल्मोड़ा शाखा से ऋण प्राप्त कर लिया।
आरोप है कि आरोपियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी का फर्जी चिकित्सा प्रमाण पत्र और फर्म के नाम से फर्जी कोटेशन बिल और प्रमाण पत्र भी बैंक में जमा किए गए। कोतवाली अल्मोड़ा में धीरेन्द्र सिंह गैलाकोटी समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
धारानौला चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आनंद बल्लभ कश्मीरा को मामले की विवेचना सौंपी गई। जांच में सामने आया कि मामले का वादी दिनेश सिंह नेगी भी पूरे फर्जीवाड़े में शामिल है। इसके बाद पुलिस ने मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(2), 336, 338 और 340 की बढ़ोतरी की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित