ग्वालियर , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले की मोहना थाना पुलिस ने अमेरिकी नागरिकों को लोन दिलाने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, हेडफोन सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-46) स्थित जैनपथ होटल में ठहरे कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध हैं। सूचना के आधार पर मोहना थाना पुलिस ने होटल के एक कमरे में दबिश दी, जहां चार युवक कॉल सेंटर संचालित करते मिले।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले पांच माह से होटल में रहकर प्रबल प्रताप सिंह परिहार के निर्देश पर फर्जी इंटरनेशनल कॉल सेंटर चला रहे थे। वे स्वयं को एक लेंडिंग क्लब कंपनी का एजेंट बताकर अमेरिकी नागरिकों को लोन स्वीकृत कराने का झांसा देते थे और इस बहाने ऑनलाइन ठगी करते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक राजपूत (26) निवासी अहमदाबाद (गुजरात), शिवेंद्र नरेंद्र सिंह परिहार (31) निवासी अहमदाबाद (गुजरात), आर्यन राजपूत उर्फ लाला (20) निवासी झांसी (उत्तर प्रदेश) तथा शुभोम घोष उर्फ शुभम (23) निवासी दीमापुर (नागालैंड) के रूप में की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें प्रतिमाह 15 से 20 हजार रुपये वेतन के साथ ठगी की रकम पर पांच प्रतिशत कमीशन भी दिया जाता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, हेडफोन तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। मामले का मुख्य आरोपी प्रबल प्रताप सिंह परिहार फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित