जालंधर , जुलाई 13 -- पंजाब में जिला जालंधर की शाहकोट पुलिस ने पंजाब पुलिस में भर्ती कराने का झांसा देकर 31.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले एक फर्जी आईपीएस अधिकारी और उसके पिता तथा पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन, फर्जी पहचान पत्र और जाली दस्तावेज भी बरामद किये गये हैं।

शाहकोट सब-डिवीजन के पुलिस उपाधीक्षक सरवन सिंह बल ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में 17 जुलाई 2025 को थाना शाहकोट में एफआईआर की गयी थी। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316(2), 318(4), 336(2), 336(3), 338 और 340(2) के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि मुख्य आरोपी अनमोल रतन स्वयं को आईपीएस अधिकारी बताकर लोगों को पंजाब पुलिस में डीएसपी, इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल के पदों पर भर्ती कराने का झूठा भरोसा देता था। इसी बहाने उसने शिकायतकर्ता से 31.50 लाख रुपये ठग लिये।

जांच के दौरान आरोपी के पिता बलविंदर सिंह और पत्नी मनदीप कौर की संलिप्तता भी सामने आयी। पुलिस ने दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लैपटॉप, एक मोबाइल फोन, एक फर्जी पहचान पत्र तथा जाली दस्तावेज बरामद किये हैं।

पुलिस उपाधीक्षक सरवन सिंह बल ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह कितने अन्य लोगों को ठगी का शिकार बनाया है तथा इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित