वेलिंग्टन , अक्टूबर 29 -- न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण को एक और झटका लगा है। लॉकी फर्ग्यूसन भारत के खिलाफ बाकी शेष टी-20 सीरीज से बाहर हो गए हैं और उनकी जगह मैथ्यू फिशर को टीम में शामिल किया गया है।
न्यूजीलैंड क्रिकेट (एनजेडसी) ने एक बयान में बताया कि फर्ग्यूसन ने सीरीज के पहले दो टी-20 मैच खेले थे, लेकिन क्राइस्टचर्च में खेले गए दूसरे मैच के दौरान उन्हें "दाहिनी पिंडली में दर्द" महसूस हुआ। स्कैन से पता चला है कि उन्हें मांसपेशियों में मामूली खिंचाव हुआ है, और उन्हें पूरी तरह ठीक होने में लगभग एक हफ्ता और लग सकता है।
फिशर वेलिंगटन में टी-20 टीम के साथ एक अतिरिक्त गेंदबाज के तौर पर जुड़े हैं। उन्हें मूल रूप से केवल तीसरे टी-20 के लिए चुना गया था, लेकिन अब वह शेष सीरीज के लिए भी टीम के साथ बने रहेंगे। पहले उन्हें 'इंडिया ए' के खिलाफ सीरीज़ में खेलना था। फिशर की जगह तेज़ गेंदबाज ब्रेट रैंडेल को दूसरे मैच के लिए 'न्यूजीलैंड ए' टीम में शामिल किया गया है।
तेज़ गेंदबाज मैट हेनरी और काइल जैमीसन भी छोटी-मोटी चोटों के कारण शेष टी-20 सीरीज से बाहर हैं, लेकिन वे चार नवंबर से ऑकलैंड में शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए उपलब्ध रहेंगे। दोनों खिलाड़ी अभी "प्लान्ड वर्कलोड मैनेजमेंट" से गुजर रहे हैं, जिसका मतलब है कि इस दौरे पर तेज़ गेंदबाजों को न्यूजीलैंड की टीम में कभी शामिल किया जा रहा है तो कभी आराम दिया जा रहा है।
दूसरे टी-20 के दौरान हेनरी को अपनी दाहिनी जांघ में दर्द महसूस हुआ था। स्कैन से पता चला है कि उन्हें "लो-ग्रेड टियर" हुआ है और ठीक होने में उन्हें एक से दो हफ्ते का समय लगेगा। जैमीसन वेलिंगटन में ही रहेंगे और शनिवार को 'फोर्ड ट्रॉफी' में कैंटरबरी के दूसरे दौर के मैच में खेलेंगे। इसके बाद, सोमवार को वह वनडे सीरीज के लिए फिर से न्यूजीलैंड टीम से जुड़ जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित