फरीदकोट , सितंबर 20 -- पंजाब में फरीदकोट पुलिस ने सीमा पार से हेरोइन और अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 47.3 किलोग्राम हेरोइन, तीन .30 बोर पिस्तौल, तीन मैगजीन और 15 कारतूस बरामद किए हैं। तस्करी में इस्तेमाल दो कारें भी जब्त की गई हैं।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने रविवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के घुबाया निवासी अंकुश, पंजे के उतर निवासी मंगल सिंह, प्रभात सिंह वाला निवासी सचिन उर्फ संजू और लामोचर खुर्द निवासी अनमोल सिंह के रूप में हुई है। उनके पास से एक होंडा सिटी और हुंडई ऑरा कार भी बरामद की गई।

फरीदकोट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गुरबंस सिंह बैंस ने बताया कि बाबा फरीद आगमन पर्व के मद्देनजर की जा रही विशेष नाकाबंदी के दौरान शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात सीआईए फरीदकोट की टीम ने होंडा सिटी कार को रोककर उसमें सवार चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान हेरोइन और हथियार बरामद हुए। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सीमा पार से ड्रोन के जरिए फिरोजपुर और फाजिल्का के सीमावर्ती इलाकों में गिराई जाने वाली हेरोइन और हथियारों की खेप हासिल कर उन्हें पंजाब के अन्य हिस्सों में पहुंचाते थे। पुलिस नेटवर्क के आगे और पीछे के संपर्कों का पता लगाने में जुटी है।

इस संबंध में थाना सदिक में 20 सितंबर को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं 25(6) तथा 25(7) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित