खरगोन , सितंबर 07 -- मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई के मामले में करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 देशी पिस्टल तथा हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।
भीकनगांव अनुविभागीय अधिकारी पुलिस केतन अड़लक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान ग्राम सिगनूर निवासी रमेश सिंह टकराना (47) के रूप में हुई है। आरोपी इंदौर एसटीएफ, खंडवा जीआरपी और खरगोन जिले के बिस्टान थाने में अवैध हथियारों से जुड़े मामलों में वांटेड था।
पुलिस के अनुसार 31 अगस्त 2025 को बिस्टान पुलिस को अवैध हथियारों की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस ने राजस्थान के उदयपुर निवासी जालम चंद और जोधपुर निवासी राम सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो देशी पिस्टल और चार देशी कट्टे बरामद किए थे।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बरामद हथियार रमेश सिकलीगर ने बनाए और सप्लाई किए थे। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर नजर रख रही थी।
एसडीओपी ने बताया कि हाल में सूचना मिली कि रमेश सिगनूर गांव में छिपा हुआ है। इस पर बिस्टान, भीकनगांव, गोगावां और सनावद थानों की संयुक्त टीम ने गांव में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सिगनूर में एक नहर के पास छिपाकर रखी गई 10 देशी पिस्टल बरामद कीं। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, प्लायर, फाइल, पेचकस और हथौड़े सहित अन्य उपकरण भी जब्त किए गए।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रमेश सिकलीगर के खिलाफ वर्ष 2008 से अब तक विदिशा, खरगोन और खंडवा जिलों में आर्म्स एक्ट के 11 मामले दर्ज हैं। इसके अलावा इंदौर एसटीएफ में वर्ष 2026 में दर्ज एक मामले सहित दो अन्य मामलों में भी वह वांटेड था। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित