मथुरा , मार्च 21 -- उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शनिवार तड़के एक गौ-रक्षक बाबा की सड़क हादसे में मौत के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए और आक्रोशित लोगों ने दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि छाता क्षेत्र के कोटवन चौकी अंतर्गत नवीपुर गांव के पास तड़के करीब चार बजे चंद्रशेखर उर्फ 'फरसा वाले बाबा' की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बाबा को सूचना मिली थी कि हाईवे से कंटेनर गुजर रहा है, जिसे रोकने के दौरान वह सड़क हादसे का शिकार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में समर्थक और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बाबा की मौत को हत्या बताते हुए दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ की। स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया।
हालात काबू में करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले दागे। इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए हैं। करीब कई घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया जा सका।
जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह और पुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने प्रारंभिक जांच में घटना को सड़क दुर्घटना बताया है। पुलिस के अनुसार जिस कंटेनर को रोका गया था उसमें गोवंश नहीं मिला, बल्कि अन्य सामान लदा था। इसी दौरान पीछे से आए एक ट्रक की टक्कर से हादसा हुआ।
प्रशासन ने समझा बुझा कर प्रदर्शनकारियों को शांत कराया गया। एहतियात के तौर पर क्षेत्र में भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित