कोंडागांव , अगस्त 08 -- छत्तीसगढ़ में कोंडागांव जिले के फरसगांव में पुलिस ने अवैध प्रवासियों और संदिग्ध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए शनिवार को सघन जांच एवं सत्यापन अभियान चलाया है। अभियान के दौरान पुलिस की 21 टीमों ने करीब 1,200 घरों और 160 से अधिक दुकानों एवं प्रतिष्ठानों की जांच की तथा 173 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया।
पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चन्द्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान में करीब 150 पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। एसडीओपी अभिनव उपाध्याय और डीएसपी सिद्धार्थ बघेल के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने फरसगांव नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों के अलावा जुगानी कलार, जुगानी कैंप, पश्चिम बोरगांव, पूर्वी बोरगांव और सिगारपुरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर जांच की।
पुलिस के अनुसार सत्यापन के लिए थाने लाए गए 173 संदिग्ध व्यक्तियों के आधार कार्ड, पहचान पत्र और अन्य दस्तावेजों की जांच की गई। संबंधित थानों से एसएस रोल और एनओसी के माध्यम से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
अभियान के दौरान बाहर से आकर क्षेत्र में रह रहे लोगों की मुसाफिर रजिस्टर में प्रविष्टि कराई गई। मकान मालिकों को किरायेदारों एवं अन्य लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए समाधान ऐप डाउनलोड करने और उसका उपयोग करने के संबंध में जागरूक किया गया।
पुलिस ने मटन, नाई और कबाड़ी सहित विभिन्न दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को भी चिन्हांकित किया, जहां बाहरी अथवा असंगठित क्षेत्र के कर्मचारी कार्यरत हैं। पुलिस के मुताबिक, संदिग्ध व्यक्तियों की तस्दीक के बाद आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता नहीं पाए जाने पर उन्हें आवश्यक हिदायत देकर छोड़ दिया गया।
पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में संदिग्ध एवं अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई करना, अपराध नियंत्रण तथा पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करना है। इस तरह के सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
फरसगांव पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति, अवैध प्रवासी, संदिग्ध फेरीवाला अथवा अपरिचित व्यक्ति दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1905 पर भी सूचना दी जा सकती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित