कोण्डागांव , मई 19 -- छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले अंतर्गत फरसगांव पुलिस ने बीमा दावा के नाम पर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली और उत्तर प्रदेश से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों ने फरसगांव निवासी एक व्यक्ति से करीब 29 लाख 69 हजार रुपए की ठगी की थी। मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कपिल चंद्रा ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में की।
पुलिस के अनुसार फरसगांव थाना क्षेत्र निवासी शंकरलाल राणा को नवंबर 2025 में फोन कर आरोपियों ने खुद को बीमा लोकपाल परिषद का एजेंट बताया और कहा कि बीएसई स्टॉक एक्सचेंज में जमा उनकी 7.17 लाख रुपए की राशि क्लेम के रूप में प्राप्त हो सकती है। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और अन्य शुल्क के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई गई।
आरोपियों ने फर्जी दस्तावेज और कागजात भेजकर पीड़ित का भरोसा जीता तथा करीब दो से ढाई माह के दौरान अलग-अलग किश्तों में कुल 29 लाख 69 हजार 673 रुपए ट्रांसफर करा लिए। शिकायत मिलने के बाद फरसगांव थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी अभिषेक उपाध्याय के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी विश्लेषण, बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच के बाद पुलिस टीम ने करीब 10 दिनों तक दिल्ली में डेरा डालकर आरोपियों की तलाश की। इसके बाद दिल्ली, गाजियाबाद और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि गिरोह आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी में इस्तेमाल करता था। आरोपी मोबाइल नंबर, आधार कार्ड और बैंक खातों की जानकारी बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास करते थे। ठगी की रकम अलग-अलग एटीएम से निकालकर मुख्य आरोपी तक पहुंचाई जाती थी।
पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी राजा हुसैन पूर्व में भी साइबर अपराध के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी कीपैड मोबाइल, फर्जी सिम और लगातार लोकेशन बदलने जैसी तरकीबों का इस्तेमाल करते थे। पुलिस ने इस कार्रवाई में गिरोह के मुख्य साजिशकर्ता और मेन कॉलर को भी गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में इसरार अहमद निवासी संगम विहार दिल्ली, आकिल निवासी बरेली हाल निवासी संगम विहार दिल्ली, शिवम गुप्ता निवासी संगम विहार दिल्ली, नितिन कुमार त्यागी निवासी गाजियाबाद, राजा हुसैन निवासी नई दिल्ली, तरुण कौशिक निवासी रोहतास नगर दिल्ली तथा प्रदीप बघेल निवासी गाजियाबाद शामिल हैं।
कार्रवाई में एसडीओपी अभिषेक उपाध्याय, निरीक्षक राजकुमार सोरी, उप निरीक्षक शशिभूषण पटेल सहित साइबर टीम की अहम भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित