नयी दिल्ली , मार्च 16 -- इस साल जनवरी की तुलना में फरवरी में माल निर्यात में मामूली वृद्धि दर्ज की गयी और यह 36.61 अरब डॉलर पर पहुंच गया। एक महीने पहले यह आंकड़ा 36.56 अरब डॉलर था।

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को आयात-निर्यात के आंकड़े जारी किये। इसमें बताया गया है कि माल आयात जनवरी के 71.24 अरब डॉलर से घटकर फरवरी में 63.71 अरब डॉलर रह गया।

इस प्रकार व्यापार घाटा एक महीने पहले के 34.68 अरब डॉलर से कम होकर 27.1 अरब डॉलर पर आ गया।

चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में फरवरी 2026 तक देश के माल निर्यात में 1.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।

अप्रैल 2025 से फरवरी 2026 तक देश का कुल माल निर्यात 402.93 अरब डॉलर रहा। पिछले वित्त वर्ष के पहले 11 महीने में यह आंकड़ा 395.66 अरब डॉलर था।

मंत्रालय ने बताया कि माल और सेवा मिलाकर कुल निर्यात 790.86 अरब डॉलर रहा जो सालाना आधार पर 5.79 अरब डॉलर अधिक है।

इस अवधि में गैर-पेट्रोलियम निर्यात भी 5.03 प्रतिशत बढ़कर 354.12 अरब डॉलर पर पहुंच गया।

फरवरी 2026 में माल निर्यात में इंजीनियरिंग वस्तु वर्ग का प्रदर्शन सबसे अच्छा रहा। इनका निर्यात 12.90 फीसदी बढ़कर 10.36 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं का निर्यात 10.37 प्रतिशत और कार्बनिक तथा अकार्बनिक रसायनों का 6.85 प्रतिशत बढ़ा। इनका निर्यात क्रमशः 4.18 अरब डॉलर और 2.38 अरब डॉलर रहा।

फरवरी में भारत से 2.64 अरब डॉलर के गहने-जवाहरात और 0.55 अरब डॉलर के मांस, डेयरी तथा पॉल्ट्री उत्पाद निर्यात किये गये। इनकी वृद्धि दर क्रमशः 4.08 प्रतिशत और 22.66 प्रतिशत रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित