सिरसा , जून 20 -- हरियाणा में सिरसा के फतेहाबाद जिले के सदर थाना मालखाने से 160 पेटी शराब गायब होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच के बाद पूरे थाने का स्टाफ बदल दिया गया है और 48 पुलिसकर्मियों के तबादले किए गए हैं। रतिया सदर थाना प्रभारी प्रह्लाद राय को फतेहाबाद सदर थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

मामले की शिकायत पुलिस महानिरीक्षक, हिसार कार्यालय तक पहुंचने के बाद जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मालखाने के रिकॉर्ड और भौतिक स्टॉक के मिलान में 160 पेटी शराब कम पाई गई। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक निकिता खट्टर ने कार्रवाई के आदेश दिए।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शराब की पेटियों को नष्ट करने के लिए अदालत से अनुमति ली गई थी। आरोप है कि रिकॉर्ड में शराब को नष्ट दर्शा दिया गया, जबकि वास्तविक रूप से पेटियां गायब कर दी गईं। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि शराब को बेचा गया या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाया गया।

यह शराब मार्च 2024 में गांव अयाल्की के पास पकड़े गए एक ट्रक से बरामद की गई थी। पुलिस ने उस समय 950 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त कर राजस्थान निवासी चालक दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया था। बरामद शराब को सदर थाना मालखाने में रखा गया था।

पुलिस ने तत्कालीन थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 256 और 316(5) के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी जगदीश काजला की अगुवाई में एसआईटी गठित की गई है।

एसआईटी मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है और जल्द अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक को सौंपेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित