फतेहाबाद , जून 22 -- हरियाणा में फतेहाबाद जिले के टोहाना में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सदर थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर महेंद्र को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
एसीबी के अनुसार, रोडवेज के फर्जी बस पास मामले में कार्रवाई से बचाने और मामले निपटाने के नाम पर आरोपी पुलिसकर्मी ने शिकायतकर्ता से 72 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 35 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायतकर्ता की सूचना पर एसीबी ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संबंधित कर्मियों की तैनाती। सोमवार को आरोपी एसआई ने शिकायतकर्ता और उसके साथी को थाने बुलाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने 35 हजार रुपये की रिश्वत दी, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि रोडवेज विभाग ने फर्जी बस पास बनवाने के मामले में कार्रवाई के लिए शिकायत दी थी, जिसकी जांच उप निरीक्षक महेंद्र कर रहा था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता को केस में फंसाने की धमकी देकर रिश्वत मांगी थी।
एसीबी अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि रिश्वत मांगने में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
एसीबी ने कहा कि हरियाणा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित