चंडीगढ़ , मार्च 20 -- हरियाणा के फतेहाबाद जिले ने समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निपटान में राज्य में पहला स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि पर श्रम विभाग के प्रधान सचिव राजीव रंजन ने उपायुक्त डॉ. विवेक भारती और जिला प्रशासन की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित समीक्षा बैठक में प्रधान सचिव ने कहा कि फतेहाबाद प्रशासन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित कर रहा है, जो अन्य जिलों के लिए मिसाल है। उन्होंने बताया कि समाधान सेल पोर्टल पर वर्ष 2024 से जिले में एक भी शिकायत लंबित नहीं है, जो प्रशासन की कार्यकुशलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उपायुक्त डॉ. विवेक भारती ने इस उपलब्धि का श्रेय टीमवर्क को देते हुए कहा कि समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निपटान किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वर्ष 2025 की सभी लंबित शिकायतों का 15 दिनों के भीतर समाधान कर रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय में प्रस्तुत की जाये।
साथ ही, अस्वीकृत शिकायतों के मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कारण सहित विस्तृत रिपोर्ट दो दिनों के भीतर देने के निर्देश भी दिये गये हैं। उपायुक्त ने अधिकारियों को एसएमजीटी पोर्टल, सीपीग्राम और सीएम विंडो पर दर्ज शिकायतों के समाधान को भी प्राथमिकता देने को कहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित