फतेहपुर , अगस्त 31 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में राज्य कर विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में करीब 68 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी इनवॉयस और इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है।
मामले में राज्य कर विभाग के अधिकारियों की तहरीर पर बिंदकी थाने में मुख्य सरगना समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बिंदकी थाना क्षेत्र में मुख्य सरगना संजय अग्रवाल उर्फ संजय लाला अपने गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर लोगों को कमीशन देने का लालच देकर फर्जी फर्मों का संचालन करा रहा था। इसकी जानकारी मिलने पर राज्य कर विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान करीब 68 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी इनवॉयस और इनपुट टैक्स क्रेडिट के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया। इसके बाद राज्य कर विभाग के अधिकारी की शिकायत पर बिंदकी थाने में संजय अग्रवाल समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ कर फर्जीवाड़े से जुड़े अन्य लोगों और फर्जी फर्मों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि राज्य कर विभाग के अधिकारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी संजय लाला की तलाश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में 68 करोड़ रुपये के फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। मामले की जांच अभी जारी है और फर्जीवाड़े की रकम तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित