फतेहपुर , सितंबर 8 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता धुन्नी सिंह को फेसबुक के जरिए जान से मारने की धमकी दिए जाने और अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र निवासी पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह के फेसबुक अकाउंट पर जान से मारने की धमकी देने के साथ अभद्र टिप्पणी की गई। मामले की जानकारी मिलने पर उन्होंने गृह सचिव को फोन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए विवेचक को धमकी देने वाले व्यक्ति की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फेसबुक अकाउंट पर की गई टिप्पणी तथा धमकी से संबंधित साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित