फतेहपुर , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के किशनपुर स्थित सर्वोदय इंटर कॉलेज में पेयजल समेत बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। मामले की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने जांच के लिए एसडीएम, क्षेत्राधिकारी (सीओ) और जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) को मौके पर भेजा। प्रशासन का कहना है कि छात्रों के आंदोलन के पीछे किसी बाहरी प्रभाव की भी जांच की जा रही है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार किशनपुर स्थित सहायता प्राप्त सर्वोदय इंटर कॉलेज के छात्र पिछले कुछ दिनों से विद्यालय में शुद्ध पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों ने अपनी मांगों के समर्थन में विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन भी किया।

मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी के निर्देश पर एसडीएम, क्षेत्राधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश कुमार ने विद्यालय पहुंचकर छात्रों तथा प्रबंधन से अलग-अलग बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।

डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ छात्र सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) से प्रभावित बताए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहलू की भी जांच कराई जा रही है कि कहीं बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे की आड़ में छात्रों को कोई बाहरी शक्ति तो प्रभावित नहीं कर रही है।

उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं और मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है तथा विद्यालय में आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित