फतेहपुर , जून 13 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्रेमी के साथ गई बहन की एक युवक ने गला घोंट कर हत्या कर दी और शव को कुएं में डाल दिया। पुलिस ने शव को बरामद कर आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने आज यहां बताया कि थरियांव थाना क्षेत्र के हसवा गांव के जंगल में स्थित एक कुएं में शनिवार सुबह लोगों ने एक युवती का शव देखा। थोड़ी ही देर में वहां भीड़ लग गई। सूचना पर थरियांव और खागा कोतवाली की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवती की पहचान के बाद पुलिस उसके घर पहुंची और भाई को हिरासत में लिया।

पूछताछ में भाई ने बताया कि उसकी बहन कुछ दिन पहले अपने प्रेमी के साथ भाग कर शादी कर ली थी जिस पर वह उसके घर गया और उसे बुला कर घर ले जाने के बहाने रास्ते में उसकी हत्या कर शव कुएं में डाल दिया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी भाई गुजरात में रहकर काम करता था और वह दो दिन पहले ही अपने घर आया था। हत्या करने के बाद वह फरार होने की फिराक में था तभी पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित