फतेहपुर , जनवरी 30 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस और मवेशी चोर गिरोह के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसके छह साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से 50 भेड़, 7 बकरियां, तीन वाहन और एक तमंचा भी बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जिले में मवेशी चोरी की कई घटनाओं में सक्रिय गिरोह की तलाश की जा रही थी। बीती रात खखरेरू और गाजीपुर थाने की संयुक्त पुलिस टीम अंजना भट्टे के पास रक्षपालपुर से आलमपुर गोरिया मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक पिकअप, एक लोडर और एक स्विफ्ट कार में सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया, तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में शोएब कुरैशी (27) के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया।

पुलिस ने घेराबंदी कर इमरान (35), संदीप कुमार (21), अखिलेश कुमार (25), गुड्डा (25), रियासत (27) और अमीर हममजा को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल शोएब के खिलाफ चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक बरामद भेड़ें बीते बृहस्पतिवार की रात खंथवा गांव से चोरी की गई थीं। गिरोह लंबे समय से बड़ी संख्या में भेड़ और बकरियों की चोरी की वारदातों में शामिल था। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित