फतेहपुर , मार्च 12 -- फतेहपुर जिले में मां, बेटे और देवर के संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शवों के मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार 11 मार्च की देर शाम शहर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा मोहल्ला निवासी सुशील श्रीवास्तव जब खेत से घर लौटे तो घर का दरवाजा बंद मिला। आवाज देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद पुलिस और आसपास के लोगों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। अंदर कमरे में उनकी पत्नी सुशीला श्रीवास्तव (55), पुत्र अमर श्रीवास्तव (28) और छोटे भाई सुनील श्रीवास्तव (40) मृत पड़े मिले।
पुलिस को घटनास्थल से सल्फास की डिब्बी भी बरामद हुई थी। तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत की सूचना पर ज्योति नारायण और अजय मिश्रा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को मामले की गहन जांच के निर्देश दिए।
फिलहाल दोनों अधिकारियों ने प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या की घटना माना है, हालांकि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच का दायरा बढ़ाकर आगे की कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित