फतेहपुर , सितंबर 3 -- उत्तर प्रदेश में फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र के भीकमपुर गांव में एक सिरफिरे ने पारिवारिक विवाद में अपने साले और सरहज समेत पांच लोगों को तलवार से हमला कर घायल कर दिया। इसके विरोध में ग्रामीणो और परिजनों ने उसकी पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने सभी घायलों को पहले जिला अस्पताल में दाखिल कराया जहां से चार की हालत नाजुक होने पर उन्हें कानपुर रेफर किया है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पवन कुमार का अपनी पत्नी फूल कुमारी से लंबे समय से वैचारिक मतभेद चल रहा था तथा इसी को लेकर उसके मन में ससुराल पक्ष के आक्रोश था। देर रात पवन तलवार लेकर ससुराल पहुंचा और और ससुराल से उसकी बहस हो गई जिसके बाद पवन ने तलवार से हमला किया। इस हमले में पांच लोग घायल हुए।

घर के सदस्यों द्वारा अपने बचाव में किए गए संघर्ष में पवन कुमार भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। शेष घायलों को उपचार हेतु हायर सेंटर कानपुर रेफर किया गया है। जनपदीय फील्ड यूनिट एवं उच्चाधिकारीगण द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। मृतक के लापता साले राजू विश्वकर्मा की तलाश सर्विलांस व अन्य माध्यमों से की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित