फतेहपुर , मई 16 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गंगा स्नान के दौरान एक किशोर की डूबने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने उतरे तीन अन्य लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के खरगूपुर बरगला गांव निवासी रत्नेश कुमार (13) पुत्र राजू अपनी दादी रामकली, चाची श्यामकली तथा चचेरे भाई-बहन अंश, शिवम और शिवानी के साथ गंगा स्नान करने गया था। स्नान के दौरान रत्नेश अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अंश, शिवम और शिवानी भी नदी में उतर गए, लेकिन वे भी गहराई में फंस गए।
चारों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और किसी तरह शिवम, शिवानी तथा अंश को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि रत्नेश गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से तलाश अभियान चलाया गया। कुछ देर बाद रत्नेश का शव बरामद कर लिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित