फतेहपुर , अक्टूबर 23 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को एमएलसी चुनाव के लिये हो रहे मतदान के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों में मारपीट हो गई। दोनों दलों के समर्थकों ने एक दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। यह मामला सोशल मीडिया में भी तेजी से वायरल हुआ है जिसमें पुलिस बीच बचाव करती हुई नजर आ रही है। घटना की जानकारी होते ही जिलाधिकारी निधि वस्त और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करते हुए मतदान शुरू कराया। बताया जाता है कि विजयीपुर विकासखंड में एमएलसी के लिए वोट डाले जा रहे थे। इस बीच सपा और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। सपा नेता नरेश कोरी और भाजपा नेता आदित्य त्रिवेदी के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई शुरु हो गई। इस बीच किसी ने हाथापाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया ।वीडियो वायरल होते ही पुलिस हरकत में आई । मारपीट की सूचना पाकर जिलाधिकारी निधि वस्त् एसपी अभिमन्यु मांगलिक दलबल के साथ पहुंचे और किस तरह मामले को शांत कराया और बंद पड़ी वोटिंग को पुन शुरू कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित