फतेहपुर , मार्च 13 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में हाल ही में मां, बेटे और देवर की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दो अधिवक्ताओं सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा मोहल्ला निवासी सुशीला श्रीवास्तव, उनके बेटे अमर श्रीवास्तव और उनके देवर सुशील श्रीवास्तव 11 मार्च को घर के भीतर मृत पाए गए थे। मौके से सल्फास की डिब्बी, ब्लेड और एक सुसाइड नोट बरामद हुआ था, जिसके आधार पर मामले की जांच शुरू की गई।
मृतकों के परिजनों ने घटना पर सवाल उठाए, जिसके बाद पुलिस ने दिलीप त्रिवेदी, संजय सिंह, शुभम कुमार और सोनू कुमार रैदास को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इन चारों पर आरोप है कि उन्होंने तीनों को आत्महत्या के लिए प्रेरित किया। बताया गया है कि आरोपियों में दो अधिवक्ता भी शामिल हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों को कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। इस मामले में पुलिस पांचवें आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित