फतेहपुर , मई 14 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार देर शाम आए तेज आंधी-तूफान और बारिश से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है, जबकि एक दर्जन से अधिक घायल विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं। प्रशासनिक टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का आकलन कर रही हैं। जिलाधिकारी निधि बख्श ने गुरुवार को अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना तथा आपदा राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन भी दिया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार हथगाम थाना क्षेत्र के कासिमपुर कटरा गांव में अपनी ननिहाल आए ऋतिक (15) पर तेज तूफान के दौरान उड़कर आया टिनशेड गिर गया। गंभीर रूप से घायल किशोर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगाम ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी थाना क्षेत्र के चल्थरा गांव निवासी उमैरा बेगम (65) तेज तूफान के दौरान घर की तीसरी मंजिल से नीचे उतर रही थीं। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चल्थरा गांव में ही 70 वर्षीय तुलसी देवी की दीवार गिरने से मलबे में दबकर मौत हो गई।

खागा कोतवाली क्षेत्र के बसंता का पुरवा मजरे संवत गांव में तेज तूफान के चलते सुमेर पाल का निर्माणाधीन मकान गिर गया। छत पर गेहूं समेट रही उनकी 18 वर्षीय पुत्री ननकी देवी मलबे में दब गई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के अब्दुलगनीपुर मजरे सेमौरी गांव निवासी 40 वर्षीय प्रेमा देवी पत्नी रमेशचंद्र आम के पेड़ के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। खागा सीएचसी में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हथगाम थाना क्षेत्र के मनमोहनपुर गांव निवासी 65 वर्षीय वासुदेव जंगल से लौट रहे थे, तभी उनके ऊपर आम की डाल गिर गई। जिला अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई। मंडवा गांव में 80 वर्षीय अब्दुल जलील दीवार गिरने से मलबे में दबकर घायल हो गए। अस्पताल ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। हुसेनगंज थाना क्षेत्र के बम्हरौली गांव में तेज तूफान से दुर्योधन का मकान गिर गया। हादसे में शिवांश, कल्पना देवी, श्रीदेवी और अनारकली घायल हो गए, जबकि 55 वर्षीय शियाकली पत्नी दुर्योधन की मौत हो गई। हथगाम थाना क्षेत्र के बजरहा का पुरवा मजरे पट्टीशाह गांव में 62 वर्षीय बतासा देवी पत्नी घूरे महुआ के पेड़ की डाल गिरने से घायल हो गईं। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

धाता थाना क्षेत्र के सोनारी गांव में बिजली का खंभा गिरने से 65 वर्षीय रामशिरोमणि घायल हो गए। प्रयागराज में उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। इसी तरह धाता नगर पंचायत क्षेत्र के घटईपुर गांव में निर्माणाधीन भवन की दीवार गिरने से घायल हुए 60 वर्षीय रणजीत सिंह की भी प्रयागराज के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षति का शीघ्र सर्वे कर राहत सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित