फतेहपुर , मई 29 -- उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में देर रात आए आंधी तूफान से भारी तबाही मची है। पूरे जिले में लगभग 500 से अधिक बिजली की खंभे जमीदोज हो गए हैं। वही तूफान की चपेट में आकर एक बुजुर्ग की मौत हो गई। अब तक जिले में बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी जिससे पानी का संकट भी गहरा गया है। जिले में एक बार फिर से तेज तूफान ने चारों ओर तबाही मचा दी। 13 मई के बाद गुरुवार की देर रात दो आए तेज तूफान से दो दर्जन उपकेंद्रों के अंतर्गत 500 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए। खागा-किशुनपुर, विजयीपुर-धाता, खागा-नौबस्ता तथा धाता-हिनौता मार्ग पर 20 जगहों पर पेड़ उखड़ कर सड़क पर आ जाने से वाहनों का यातायात दोपहर तक बाधित रहा। खागा ग्रामीण, महिचा मंदिर, किशुनपुर, अर्जुनपुर गढ़ा, हथगाम, सिठौरा, सुल्तानपुर घोष, रसूलपुर सानी, कनपुरवा तथा पलिया बिजली उपकेंद्रों की 33 केवी लाइन ब्रेक डाउन में होने से 400 गांवों में रात दो बजे से दोपहर दो बजे सप्लाई बंद रही। किशुनपुर थाने के सिलमी गांव में छप्पर के नीचे दबने से 70 वर्षीय त्रिवेणी प्रसाद की मृत्यु हो गई।

खागा कोतवाली के अवसानपुर कूरा गांव में कमरा ढह जाने से मलबे में दबकर नरेंद्र सिंह व उनकी पत्नी ज्ञानमती घायल हो गईं। खैरई गांव में पीपल की डाल गिरने से मकान का हिस्सा ढह गया। मलबे में दबने से 70 वर्षीय रामशरन तथा इनकी पत्नी दुर्गा देवी गंभीर घायल हो गईं। धाता थाने के कोरियापर मजरे अढ़ौली गांव में पेड़ की डाल गिरने से नीचे बंधी गाय मर गई। वहीं गांव के केशन यादव के पुत्र धर्मेंद्र यादव का पैर टिन शेड की चपेट में आने से जख्मी हो गया। दूसरी ओर तूफान से नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी निधि बख्श ने टीम का गठन कर रिपोर्ट मांगी है जिससे कि तूफान से पीड़ितों की जल्द से जल्द मदद कराई जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित