फतेहगढ़ साहिब , जुलाई 31 -- पंजाब कांग्रेस ने शुक्रवार को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों का आगाज करते हुए फतेहगढ़ साहिब से हर बूथ, मजबूत अभियान शुरू किया। कार्यक्रम में पार्टी के पंजाब प्रभारी भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग सहित जिला, ब्लॉक और बूथ स्तर के पदाधिकारी शामिल हुए।
श्री बघेल ने कहा कि पंजाब के चुनाव नजदीक हैं और यह राज्य के भविष्य का फैसला करने वाले चुनाव होंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब को पहले से कहीं अधिक कांग्रेस की जरूरत है। उनके अनुसार भाजपा केंद्र में और आम आदमी पार्टी पंजाब में बदले की राजनीति कर रही हैं, जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी की जीत की नींव बूथ स्तर पर ही रखी जाती है। यदि हर बूथ मजबूत होगा तो कांग्रेस की सरकार बनना तय है। बघेल ने दावा किया कि इस बार पंजाब में पांच-कोणीय मुकाबला होगा, जिसमें कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, भाजपा, शिरोमणि अकाली दल और 'वारिस पंजाब दे' प्रमुख राजनीतिक ताकतें होंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार अब विदाई की ओर बढ़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार केवल विज्ञापनों के सहारे चल रही है और जैसे ही प्रचार बंद होगा, सरकार की "ऑक्सीजन" भी खत्म हो जाएगी।
राजा वड़िंग ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी अपने 60 से अधिक विधायकों के टिकट काटने की तैयारी कर रही है, क्योंकि उनके भाजपा से संबंध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी के छह सांसद भाजपा में शामिल हो चुके हैं, जबकि कांग्रेस का कोई सांसद या विधायक भाजपा में नहीं गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी के भीतर मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन उन्हें सुलझा लिया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें सम्मान दिया है और वे जीवनभर कांग्रेस के साथ रहेंगे, चाहे उन्हें कोई पद मिले या नहीं।
कार्यक्रम में शमशेर सिंह दुल्लो, ब्रह्म मोहिंद्रा, डॉ अमर सिंह, रणदीप नाभा, डॉ. राज कुमार वेरका, कुलजीत नागरा, कुलबीर जीरा, कैप्टन संदीप संधू सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित