यमुनानगर , सितंबर 19 -- हरियाणा सरकार के निर्देश पर जिला प्रशासन 21 सितंबर को खंड बिलासपुर के गांव फतेहगढ़ टुम्बी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में जनता दरबार एवं रात्रि ठहराव कार्यक्रम आयोजित करेगा।
नगराधीश पीयूष गुप्ता ने बताया कि उपायुक्त प्रीति के आदेशानुसार कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त स्वयं करेंगी। दोपहर बाद दो बजे जनता दरबार और सायं 4:30 बजे शिकायतों की सुनवाई एवं निवारण के लिए रात्रि ठहराव होगा।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों की अनुपालना में जिला प्रशासन द्वारा समाधान शिविर के साथ-साथ जनता दरबार और रात्रि ठहराव कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान ग्रामीणों की सार्वजनिक एवं व्यक्तिगत समस्याएं सुनकर मौके पर समाधान किया जाएगा।
नगराधीश ने बताया कि रात्रि ठहराव के दौरान प्रशासन के उच्च अधिकारी ग्रामीणों से सीधा संवाद करेंगे और सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निश्चित तिथि, समय व स्थान पर पहुंचना सुनिश्चित करने तथा बिना अनुमति अपने स्थान पर कनिष्ठ अधिकारी/कर्मचारी को न भेजने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित