पटना , जून 10 -- बिहार के डेयरी और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में कैरा जिला सहकारी दुग्ध उत्पादक संघ लिमिटेड (अमूल डेयरी) की अत्याधुनिक डेयरी प्रसंस्करण इकाई की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की है। करीब 200 करोड़ रुपये के निवेश से बनने वाली इस परियोजना से लगभग 200 प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है।

बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) की परियोजना समाशोधन समिति की बैठक उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में भूमि और प्लग एंड प्ले शेड आवंटन से जुड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसी क्रम में अमूल डेयरी को पटना के फतुहा औद्योगिक क्षेत्र में डेयरी विनिर्माण एवं प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने की अनुमति दी गई।प्रस्तावित इकाई 13 एकड़ भूमि पर स्थापित होगी, जहां दूध और विभिन्न ताजा डेयरी उत्पादों का उत्पादन एवं प्रसंस्करण किया जाएगा। इस परियोजना से राज्य की डेयरी प्रसंस्करण क्षमता बढ़ेगी और स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध होगा। साथ ही दुग्ध मूल्य श्रृंखला के विस्तार और डेयरी आधारित उद्योगों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उद्योग मंत्री सुश्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार कृषि एवं पशुपालन आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि डेयरी क्षेत्र में इस प्रकार का निवेश राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने, किसानों की आय बढ़ाने तथा खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार को कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण आधारित उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है।

उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा,कुंदन कुमार ने कहा कि बिहार में निवेशकों को विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं एवं निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि डेयरी एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में हो रहे निवेश राज्य के औद्योगिक विकास को नई गति देंगे तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं कौशल विकास के नए अवसर सृजित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित