पटना , अक्टूबर 14 -- बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम ने फतुहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य संजय राम के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं मारपीट के मामले में राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच कराने और आरोपों की पुष्टि होने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

श्री राम ने आज यहां जारी बयान में इस घटना पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पूरे मामले का तत्काल संज्ञान लेने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि संजय राम समीक्षा बैठक के सिलसिले में फतुहा पीएचसी पहुंचे थे, जहां आशा कार्यकर्ताओं और सुरक्षा गार्डों की बहाली में कथित अनियमितताओं का मामला सामने आया। संजय राम ने इन अनियमितताओं पर कार्रवाई की बात कही, जिसके बाद कुछ चिकित्सकों के साथ विवाद होने और उनके साथ कथित मारपीट किए जाने के आरोप सामने आए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि जांच में ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह अत्यंत गंभीर मामला होगा। इससे सरकारी संस्थानों की कार्यप्रणाली और जवाबदेही पर भी सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि आरोपों की पुष्टि होने पर संबंधित दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित