फगवाड़ा , जुलाई 22 -- सामाजिक संस्था नव्य हेल्पिंग हैंड्स (सांपला फाउंडेशन) की ओर से 26 जुलाई को फगवाड़ा में अत्याधुनिक वेंटिलेटर एंबुलेंस सेवा जनता को समर्पित की जाएगी। इसी अवसर पर मेगा रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा।

नव्य हेल्पिंग हैंड्स के अध्यक्ष, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष विजय सांपला ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वेंटिलेटर एंबुलेंस का लोकार्पण समारोह महाराजा पैलेस, बंगा रोड, फगवाड़ा में पूर्वाह्न् 11 बजे से शाम पांच बजे तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी होंगे, जो वेंटिलेटर एंबुलेंस सेवा और मेगा रक्तदान शिविर का उद्घाटन करेंगे। संस्था के अध्यक्ष आशु सांपला ने कहा कि विजय सांपला विशेष अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने बताया कि फगवाड़ा के लोगों से किये गये वादे को पूरा करते हुए यह एंबुलेंस सेवा शुरू की जा रही है, जिससे गंभीर मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा और उच्च चिकित्सा संस्थानों तक समय पर पहुंचाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों से लैस यह एंबुलेंस गंभीर मरीजों के लिए 'गोल्डन ऑवर' के दौरान प्रभावी चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

आशु सांपला ने बताया कि मेगा रक्तदान शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराना तथा युवाओं में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा क्षेत्र के युवाओं से बड़ी संख्या में रक्तदान शिविर में भाग लेकर मानव सेवा के इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित