फगवाड़ा , मार्च 05 -- पंजाब में फगवाड़ा पुलिस ने इटली भेजने के नाम पर एक ट्रैवल एजेंट गुरजीत सिंह के खिलाफ 10 लाख रुपये की धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोपों के तहत मामला दर्ज किया है।

फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने गुरुवार को इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि फगवाड़ा के निकटवर्ती गांव नंगल माझा के निवासी तरसेम लाल ने आरोप लगाया कि एक ट्रैवल एजेंट ने लिखित प्रतिबद्धता पूरी न करके उनके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत के अनुसार, तरसेम लाल ने अपने रिश्तेदार कमल तुरा को इटली भेजने के संबंध में पुलिस से शिकायत की थी। इस मामले पर पहले डीएसपी फगवाड़ा के समक्ष चर्चा हुई थी, जहां गांव के गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। 25 जून 2025 को हुए लिखित समझौते के अनुसार, आरोपी ने आश्वासन दिया था कि यदि कमल तुरा को 25 अगस्त 2025 तक इटली नहीं भेजा गया, तो इस उद्देश्य के लिए प्राप्त 10 लाख रुपये की राशि 26 अगस्त 2025 तक वापस कर दी जाएगी। जब तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी न तो यात्रा की व्यवस्था हुई और न ही पैसे वापस मिले, तो गांव के प्रतिनिधियों (पूर्व सरपंच और नंबरदार) ने आरोपी एजेंट गुरजीत सिंह (निवासी गांव छोटी लखोवाल खुर्द, माछीवाड़ा, लुधियाना) से संपर्क किया। उन्हें लिखित वादे की याद दिलायी गयी, लेकिन आरोपी अपनी बात से मुकर गया।

तरसेम लाल ने आगे आरोप लगाया कि आरोपी एजेंट ने झूठा दावा किया कि भुगतान पहले ही कमल तुरा को कर दिया गया है। शिकायतकर्ता ने कानूनी कार्रवाई और अपने 10 लाख रुपये की वसूली की मांग की है। पुलिस ने आरोपों के प्रारंभिक सत्यापन के बाद औपचारिक मामला दर्ज कर लिया है।

श्री माधवी ने बताया कि वित्तीय लेनदेन की जांच, दस्तावेजी सबूतों के सत्यापन और इस धोखाधड़ी में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका निर्धारित करने के लिए आगे की तफ्तीश जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित