फगवाड़ा , जून 09 -- पंजाब में फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की समीक्षा के लिए सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल ने मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक के दौरान डॉ चब्बेवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को टीम भावना से कार्य करने और सरकार की योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के लिए करीब 20 करोड़ रुपये उपलब्ध करवाये गये हैं और इन निधियों का पारदर्शी एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए ताकि आम जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।

सांसद ने विभिन्न विभागों के कार्यों में पाई गई कमियों पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी खामियों को दो सप्ताह के भीतर दूर किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के बाद दोबारा समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रगति की जांच कर जवाबदेही तय की जाएगी। शहरी बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर देते हुए डॉ चब्बेवाल ने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहर में सीवरेज से संबंधित कोई समस्या लंबित न रहे। उन्होंने सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार लाने और फगवाड़ा को पूरी तरह कचरा-मुक्त (डंप-फ्री) बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर भूमि अधिग्रहण सहित बड़े फैसले लेने की भी बात कही।

बीडीपीओ (ब्लॉक विकास एवं पंचायत अधिकारियों) के माध्यम से की जाये। सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों के संबंध में उन्होंने कहा कि मानसून समाप्त होने के बाद सितंबर माह में सड़कें दोबारा बनाने और मरम्मत का कार्य हर हाल में शुरू किया जाये। सांसद ने पुलिस प्रशासन को भी जनता की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने पंजाब सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति को दोहराते हुए अधिकारियों और राजनीतिक पदाधिकारियों को चेतावनी दी कि रिश्वतखोरी और अनियमितताओं को किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ चब्बेवाल ने कहा कि सभी विकास कार्य पूरी पारदर्शिता, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किये जाने चाहिए ताकि सरकारी धन का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच सके।

बैठक में मेयर रामपाल उप्पल, इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन जरनैल नंगल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन तविंदर राम सहित कई गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित