फगवाड़ा , जुलाई 06 -- पंजाब में फगवाड़ा के जीटी रोड स्थित गांव चक हकीम में किराये के मकान में रहने वाली 42 वर्षीय महिला की रविवार देर रात को संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गयी।

पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर महिला के पति पर हत्या का संदेह जताते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आरोपी घटना के बाद से फरार है। मृतका का नाम कुलविंदर कौर (42) है। घटना की सूचना मिलते ही फगवाड़ा के पुलिस उपाधीक्षक पलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाये।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुलविंदर कौर ने करीब चार वर्ष पहले दविंदर सिंह बाजवा से विवाह किया था। पुलिस के अनुसार दोनों के बीच अक्सर घरेलू विवाद होता रहता था। जांच में आशंका जतायी गयी है कि किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर महिला की हत्या की गयी और इसके बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने बताया कि दंपति चक हकीम में किराये के मकान में रह रहा था। कुलविंदर कौर एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करती थीं, जबकि उनका पति राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस के अनुसार दोनों की यह दूसरी शादी थी।

मृतका की रिश्तेदार इंदरजीत कौर ने पुलिस को बताया कि उन्हें लंगेरी गांव से एक रिश्तेदार का फोन आया, जिसने घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि वारदात के बाद आरोपी अपने पैतृक गांव लौट गया, जिसके बाद पुलिस को तुरंत सूचना दी गयी।

पुलिस उपाधीक्षक पलविंदर सिंह ने सोमवार को बताया कि प्रारंभिक जांच के आधार पर दविंदर सिंह बाजवा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें छापेमारी कर रही हैं। गिरफ्तार होने के बाद उसे अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच पूरी होने के बाद ही हत्या के कारणों और अन्य परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित