फगवाड़ा , जून 20 -- पंजाब के फगवाड़ा में एक नवविवाहित युवक ने शनिवार को पत्नी और उसके परिजनों के कथित मानसिक उत्पीड़न के कारण पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

मृतक की पहचान सुभाष नगर निवासी भरत शर्मा के रूप में हुई है, जिसकी शादी को अभी लगभग डेढ़ माह ही हुआ था। उसके परिवार का आरोप है कि वह अपनी पत्नी और उसके परिजनों की ओर से किये जा रहे कथित मानसिक उत्पीड़न के कारण लंबे समय से तनाव में था। मृतक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। परिवार के सदस्यों का कहना है कि शादी के बाद से ही भरत मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

शिकायत के आधार पर सिटी फगवाड़ा पुलिस ने पत्नी, सास और ससुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 के तहत आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर लिया है।

फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने बताया कि मामले की गहन जांच शुरू कर दी गयी है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच जारी है और आरोपों की सत्यता की पुष्टि के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जायेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित