फगवाड़ा , अक्टूबर 30 -- सांसद डॉ राज कुमार चब्बेवाल ने शुक्रवार को फगवाड़ा के अर्बन एस्टेट और ओंकार नगरमें छठ पूजा स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी जरूरी प्रबंध समय रहते पूरे किए जाएं।
इस दौरान उनके साथ नगर निगम के मेयर रामपाल उप्पल, डिप्टी मेयर विक्की सूद, फगवाड़ा के अतिरिक्त उपायुक्त रणदीप सिंह हीर, प्रशासनिक अधिकारी, स्थानीय निवासी और आयोजन समितियों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
सांसद ने दोनों स्थानों पर आयोजनकर्ताओं और स्थानीय लोगों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को पूजा स्थलों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, पानी की आपूर्ति, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जरूरत के अनुसार टैंकरों के माध्यम से स्वच्छ पानी उपलब्ध कराने, पूजा स्थलों की नियमित सफाई और उचित रखरखाव तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन समितियों और स्थानीय निवासियों के साथ समन्वय बनाकर किसी भी कमी को तुरंत दूर किया जाए।
डॉ चब्बेवाल ने कहा कि छठ पूजा गहरी आस्था और श्रद्धा के साथ मनाया जाने वाला महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर परश्रद्धालु सूर्य देव और छठी मैया की पूजा कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि लोग अपने धार्मिक त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मना सकें।
सांसद ने अधिकारियों और आयोजन समितियों से आपसी तालमेल के साथ सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूरी करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित