फगवाड़ा , जनवरी 15 -- पंजाब में फगवाड़ा पुलिस ने मिठाई की दूकान पर गोलीबारी करने की घटना में शामिल चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव मिहेरू के रूपिंदर सिंह उर्फ पिंडा, फगवाड़ा के गांव बिड-पुआड के सुखराज सिंह उर्फ सुखा, बहराम के गांव संधवां के कमलप्रीत सिंह उर्फ पीटा और फगवाड़ा के गांव खेड़ा के हरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो कारें भी बरामद की हैं।

कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव तूरा ने गुरूवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने मुकंदपुर और बहराम में एक-एक आपराधिक घटना में अपनी संलिप्तता कबूल की है। उन्होने कहा कि आरोपियों ने दो और साथियों के नाम भी बताए हैं और जांच आगे बढ़ने पर और खुलासे होने की उम्मीद है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही अपराध में इस्तेमाल किए गए हथियार और स्कूटर बरामद कर लेगी और सुधीर स्वीट्स फायरिंग मामले में शामिल मुख्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लेगी। ये गिरफ्तारियां 12 जनवरी को फगवाड़ा में हुई फायरिंग की घटना के बाद हुई हैं, जिससे शहर में दहशत फैल गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित