फगवाड़ा , सितंबर 11 -- धिवक्ता हरप्रीत कौर फगवाड़ा बार एसोसिएशन की पहली महिला अध्यक्ष निर्वाचित हुई हैं।

रिटर्निंग अधिकारी अधिवक्ता रमन नारंग ने गुरुवार शाम चुनाव परिणाम घोषित किये। कुल 176 में से 169 अधिवक्ताओं ने मतदान किया, जिसमें हरप्रीत कौर को 97 और उनके प्रतिद्वंद्वी संजीव अग्निहोत्री को 71 वोट मिले।

चुनाव प्रचार के दौरान अदालत परिसर में पेयजल, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधा, नये अधिवक्ताओं के लिए चैंबर, अतिरिक्त भवन और पुस्तकालय जैसी बुनियादी सुविधाओं के मुद्दे प्रमुख रहे।

सुश्री हरप्रीत कौर ने बार एसोसिएशन के पारदर्शी एवं प्रभावी संचालन तथा अधिवक्ताओं की पेशेवर समस्याओं पर अधिक ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया था।

अन्य पदों में गुरदीप सिंह 105 मतों के साथ उपाध्यक्ष, प्रीत मट्टू 87 मतों के साथ महिला आरक्षित वर्ग की उपाध्यक्ष, रीना रानी बराड़ 89 मतों के साथ महासचिव, रेनू 85 मतों के साथ संयुक्त सचिव और सनी देव 103 मतों के साथ कोषाध्यक्ष निर्वाचित हुए। मतदान के दौरान 92 वर्षीय वरिष्ठ अधिवक्ता शिव नारायण चोपड़ा ने भी मतदान किया। महिलाओं के लिए कार्यकारिणी में 30 प्रतिशत आरक्षण के बीच हरप्रीत कौर का अध्यक्ष निर्वाचित होना बार एसोसिएशन के इतिहास में महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित