फगवाड़ा , अगस्त 17 -- पंजाब में फगवाड़ा पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों, अवैध शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान तेज करते हुए पिछले वर्ष सितंबर के मध्य से 16 अगस्त 2026 तक की अवधि में 292 मामले दर्ज कर 400 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इस दौरान 10 घोषित अपराधियों (पीओ) को भी गिरफ्तार किया गया।

फगवाड़ा की पुलिस अधीक्षक माधवी शर्मा ने सोमवार को बताया कि पुलिस ने मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत दर्ज मामलों में आरोपियों से 17 किलो 433 ग्राम हेरोइन, 45 ग्राम अफीम, 4,800 नशीली गोलियां, 4,680 कैप्सूल, 30 ग्राम आइस और एक किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया।

उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 83,070 मिलीलीटर अवैध शराब और 30 किलो लाहन बरामद किया। वहीं, शस्त्र अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से एक .32 बोर पिस्तौल, एक .30 बोर देसी पिस्तौल, एक देसी कट्टा, एक एयर पिस्तौल और 16 कारतूस बरामद किये गये। सुश्री शर्मा ने बताया कि पुलिस ने इस अवधि में 321 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई भी की, जबकि 751 शिकायतों का निपटारा किया गया। इसके अलावा 247 मामलों को अदालत में पेश किया गया।उन्होंने कहा कि ये आंकड़े नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध शराब, गैरकानूनी हथियारों के कब्जे और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित