फगवाड़ा , अगस्त 19 -- पंजाब बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के अध्यक्ष अवतार सिंह करीमपुरी के नेतृत्व में निकाली जा रही 'बेगमपुरा संकल्प यात्रा' बुधवार को कपूरथला जिले के फगवाड़ा तहसील के दरवेश पिंड पहुंची।
यह यात्रा 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के जनसंपर्क अभियान के तहत निकाली जा रही है।
करीब 30-35 चार पहिया वाहनों और एक मिनी बस के काफिले के साथ पहुंची यात्रा का दरवेश पिंड में बसपा फगवाड़ा हलका प्रभारी लेखराज और बसपा फगवाड़ा अध्यक्ष चिरंजी लाल सहित पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया।
सभा को संबोधित करते हुए करीमपुरी ने लोगों से आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में बसपा का समर्थन करने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित गुरु रविदास महाराज गुरुद्वारा के पुनर्निर्माण को प्रमुख मुद्दा बनाते हुए लोगों से इसके लिए समर्थन जुटाने का आह्वान किया।
करीमपुरी ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार ने 2019 में तुगलकाबाद स्थित रविदास गुरुद्वारा गिराया था। उन्होंने कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में बसपा की सरकार बनती है, तो पार्टी इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के पुनर्निर्माण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने घोषणा की कि पंजाब में बसपा की सरकार बनने पर दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित रविदास गुरुद्वारे के पुनर्निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को समर्थन देने की अपील की। 'बेगमपुरा संकल्प यात्रा' के तहत दिनभर फगवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया जाना है। कार्यक्रम के अनुसार यात्रा का दिन का समापन चक हकीम स्थित गुरु रविदास गुरुद्वारा में रात्रि पड़ाव के साथ होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित