कोलकाता , अक्टूबर 11 -- पश्चिम बंगाल में पश्चिम बर्धमान जिले के औद्योगिक क्षेत्र दुर्गापुर में कल रात ओडिशा निवासी एक द्वितीय वर्ष की मेडिकल छात्रा का कुछ अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर अपहरण कर दुष्कर्म किया।
आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना उस समय हुई जब छात्रा अपने सहपाठी के साथ रात करीब नौ बजे खाना खाने के लिए परिसर से बाहर निकली थी। इसी दौरान अज्ञात लोगों के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और छात्र को छोड़कर उसका अपहरण कर लिया। वे उसे पास के एक जंगल में ले गए जहाँ उनमें से एक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता (23) को उसी चिकित्सा केंद्र में भर्ती कराया गया है जहाँ वह द्वितीय वर्ष की छात्रा है।
पीड़िता के माता-पिता एक सहपाठी द्वारा सूचित किए जाने के बाद ओडिशा से दुर्गापुर पहुँचे। छात्रा के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उन्हें उसकी सहेली पर भी शक है जो उनकी बेटी के अपहरण के समय भाग गई थी। उन्होंने कहा, "जब हमारी बेटी को अगवा किया गया तो उसके पुरुष मित्र ने शोर क्यों नहीं मचाया।" उन्होंने अपनी बेटी से बात करने के बाद बताया, "वह अपनी सहेली के कहने पर परिसर के बाहर खाना खाने गई थी।"पुलिस ने कहा, "रात करीब नौ बजे जैसे ही वह कैंपस से बाहर निकली, तीन लोगों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया और जल्द ही उन लोगों ने पीड़िता को पकड़ लिया और उसकी सहेली भाग गई। दो और लोग गिरोह में शामिल हो गए और उनमें से एक ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका मोबाइल फोन छीन लिया।"उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है और कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है तथा सीसीटीवी फुटेज को भी देखा जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य मामले में एक दिव्यांग महिला के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक युवक को आज तड़के कोलकाता पोर्ट थाना अंतर्गत नाडियाल से गिरफ्तार किया गया। पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी मेडिकल जांच चल रही है। आरोपी की पहचान मोहम्मद यासीन के रूप में हुई है। आरोपी ने कथित तौर पर कल रात दिव्यांग महिला को घर में अकेला पाकर अपराध को अंजाम दिया। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने तलाश शुरू की और पोर्ट इलाके से संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित