अम्बिकापुर , फरवरी 17 -- छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर में गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्लेस ऑफ सेफ्टी (बालक) से सोमवार रात को 15 अपचारी बालक फरार हो गए हैं।

कल रात नौ बजे फरार होने के दौरान अपचारियों ने ड्यूटी पर तैनात गार्ड को पकड़कर उसके साथ मारपीट की और परिसर से भाग निकले। मारपीट में गार्ड घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। रात के समय तीन गार्ड्स की ड्यूटी थी। एक गार्ड के साथ मारपीट की गई तथा एक गार्ड को दूसरे समूह के आरोपी बालकों ने कब्जे में रखा था।

पुलिस के अनुसार फरार हुए 15 अपचारियों में से पांच को अलग-अलग स्थानों से पकड़ लिया गया है, जबकि 10 की तलाश जारी है। गांधीनगर थाना पुलिस सहित आसपास के थानों की टीमों को सतर्क कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रमुख मार्गों, बस स्टैंड और संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्लेस ऑफ सेफ्टी सेंटर में हत्या, चोरी, दुष्कर्म और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में विधि से संघर्षरत किशोरों को रखा जाता है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बालकों ने सामूहिक रूप से योजना बनाकर पहले गार्ड को काबू में किया और फिर मुख्य गेट की ओर भाग निकले। घटना के समय परिसर में सुरक्षा के सीमित इंतजाम होने की बात भी सामने आ रही है, जिसकी जांच की जा रही है।

हाउस फादर की कर्मचारी भानुप्रताप ने बताया कि रात के समय अचानक कुछ बालक आक्रामक हो गए और गार्ड को धक्का देकर मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान प्रारंभ किया गया। उन्होंने यह भी बताया कि पकड़े गए पांच बालकों से पूछताछ की जा रही है, ताकि फरार अन्य बालकों के संबंध में जानकारी मिल सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है और जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही फरार अपचारी बालकों को शीघ्र पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित