आगर-मालवा , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश के आगर-मालवा जिले में कोतवाली पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 किलो 300 ग्राम गांजा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति स्विफ्ट डिजायर कार में गांजा लेकर आगरमालवा की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आगर-मालवा कानड़ रोड पर कलेक्टर कार्यालय के सामने नाकाबंदी की।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर चालक ने अपना नाम इरशाद अहमद निवासी कसाईवाड़ा, आगरमालवा बताया। तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखे प्लास्टिक के झोले से 2 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त कार सहित कुल 9 लाख 53 हजार रुपये का मशरुका जब्त किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपी से गांजे के स्रोत और इससे जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शशि उपाध्याय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित