भीलवाड़ा , फरवरी 21 -- राजस्थान में भीलवाड़ा नगर निगम द्वारा प्लास्टिक थैलियां , गंदगी फैलाने वालों और अस्थाई अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया गया है।
निगम के दल ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए 62 किलो प्लास्टिक की थैलियां जब्त करके 21 हजार 700 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंदगी फैलाने वाले 65 व्यक्तियों पर 40 हजार रुपये का जुर्माना किया गया।
निगम आयुक्त हेमाराम चौधरी ने बताया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए नौ से 28 फरवरी तक यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक कुल 1121 किलो प्लास्टिक की थैलियां जब्त करके दो लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जा चुका है। वहीं, गंदगी फैलाने वालों से अब तक कुल तीन लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित