देहरादून , जुलाई 23 -- उत्तराखंड के वीर माधव सिंह भण्डारी उत्तराखण्ड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय देहरादून की सेमेस्टर परीक्षा के दो प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में गुरुवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के बाद संबंधित सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार कर लिया।

देहरादून के एसएसपी प्रवेंद्र डोभाल ने बताया कि यूटीयू के परीक्षा नियंत्रक डॉ0 विनय कुमार पटेल ने गुरुवार को कोतवाली प्रेमनगर पर एक लिखित तहरीर दी। जिसके अनुसार यूटीयू की सम-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान 08 जुलाई को आयोजित परीक्षा के सम्बन्ध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें 03 जुलाई को शिवालिक कालेज ऑफ इन्जीनियरिंग देहरादून में नियुक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा व्हट्सअप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्नों को शेयर किये जाने की जानकारी दी गई। तहरीर में यह भी लिखा गया कि परीक्षा सम्पन्न होने के पश्चात प्रश्नपत्र से मिलान किया गया तो उक्त प्रश्नों में काफी समानता पाई गई। उक्त सम्बन्ध में विश्वविद्यालय द्वारा गठित की गई आन्तरिक जांच समिति की जांच के दौरान भी उक्त सहायक प्रोफेसर द्वारा परीक्षा से पूर्व छात्रों के आन्तरिक पोर्टल/व्हट्सअप पर परीक्षा से सम्बन्धित समान प्रश्नों को साझा किया जाना प्रकाश में आया।

शिवालिक कालेज आफ इन्जीनियरिंग में नियुक्त सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता द्वारा छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता को भंग किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित