नयी दिल्ली , अक्टूबर 01 -- भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्य कार्यकारी पार्षद प्रोफेसर विजय कुमार मल्होत्रा बुधवार को पंचतत्व में विलीन हो गये।

दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में उनके अंतिम संस्कार में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह एवं आशीष सूद, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, कमलजीत सहरावत एवं बाँसुरी स्वराज, विधायक नीरज बसौया, प्रदेश एवं जिला भाजपा नेता मौजूद रहे lइससे पहले प्रदेश कार्यालय में विश्व हिन्दू परिषद के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार , भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष, सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश, राष्ट्रीय संगठक वी. सतीश, संघ परिवार प्रतिनिधि दयानंद,भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरूण सिंह सहित अन्य नेताओं ने उन्हें पुष्पांजलि दी।

बुधवार दोपहर 12 से 3 बजे के बीच श्री मल्होत्रा का पार्थिव शरीर 14 पंत मार्ग स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय के सभाकक्ष में रखा गया जहां हजारों कार्यकर्ताओं ने श्रद्धासुमन अर्पित किये l लोधी रोड़ श्मशान घाट पर पार्थिव शरीर के पहुंचने पर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की परम्परा पूरी की गयी। इसमें दिल्ली पुलिस की बटालियन ने मुख्य मंत्री रेखा गुप्ता की उपस्थिति में बिगुल बजा कर, बंदूक उल्टी कर हवा में फायर कर श्री मल्होत्रा को अंतिम सलामी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित