मोतिहारी , अगस्त 20 -- महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू), बिहार के मीडिया अध्ययन विभाग में प्रो. अरुण कुमार भगत ने विभागाध्यक्ष के रूप में डॉ. अंजनी कुमार झा से गुरूवार को पदभार ग्रहण किया। प्रो. अरुण कुमार भगत मीडिया अध्ययन विभाग के संस्थापक विभागाध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने विश्वविद्यालय के सीएसआईसीटी स्कूल के अधिष्ठाता के रूप में भी दायित्व संभाला है। बिहार लोक सेवा आयोग में करीब छह वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद उन्होंने पुनः विश्वविद्यालय के विभाग में वापसी की है।

शैक्षणिक एवं अकादमिक क्षेत्र में प्रो. भगत का लंबा अनुभव रहा है। उनकी 55 से अधिक पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं और कई शोध आलेख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रकाशित हुए हैं। उन्होंने 100 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सेमिनारों के आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रो. भगत ने भारत सरकार की शिक्षा से संबंधित कई समितियों में भी अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने विश्व हिंदी सम्मेलन में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व करते हुए मॉरीशस और फिजी सहित कई देशों की यात्रा की है। इसके अलावा वह विभिन्न विश्वविद्यालयों की विद्या परिषद और कार्य परिषद के सदस्य भी रह चुके हैं।

प्रो. भगत के पुनः विभाग में आने को शिक्षकों और विद्यार्थियों ने सकारात्मक बदलाव एवं अकादमिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद से जोड़ा है। उनके पदभार ग्रहण करने के अवसर पर विभागीय शिक्षकों डॉ. साकेत रमन, डॉ. परमात्मा कुमार मिश्र, डॉ. सुनील दीपक घोडके, डॉ. उमा यादव सहित शोधार्थी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित